रीवा:रवी की बोनी को लेकर खाद की किल्लत अभी से शुरू हो गई है. नवरात्रि के बाद दलहनी फसलो की बोनी शुरू हो चुकी है और डीएपी खाद की मांग बढ़ती जा रही है. इस बार प्रशासन ने खाद को लेकर तैयारी शुरू कर दी है. लेकिन मांग के अनुरूप खाद अभी नही मिल रही है. दीपावली के बाद खाद की मारामारी और तेज होगी. टोकन व्यवस्था और अधिकारियों की निगरानी में खाद का वितरण किया जायेगा.
प्रशासन भले ही पर्याप्त खाद की बात कर रहा है लेकिन हकीकत यह है कि डीएपी खाद को लेकर हाहाकार मचा है. जिस तरह से यूरिया खाद पाने के लिये किसान रात में लाइन लगाते थे, ठीक उसी तरह डीएपी के लिये लम्बी कतार लगने लगी है. पिछले दो दिन से सिरमौर के उमरी केन्द्र में खाद के लिये किसान पहुंच रहे है. जिले भर में डीएपी खाद को लेकर हाहाकार मचा है. समितियों में खाद नही है और डबल लाक केन्द्रो में किसानो का मेला लग रहा है. अभी धान की कटाई शुरू नही हुई है. जैसे ही धान कटने लगेगी उसके बाद से गेंहू की बोनी शुरू होगी तब खाद की मारामारी और तेज हो जाएगी.
रीवा जिले में 8575.38 मीट्रिक टन खाद की उपलब्धता है. मार्कफेड में 1528.09, समितियों में 1708.22 तथा निजी खाद विक्रेताओं के यहाँ 5339.07 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध है. जिले में 2047.21 मीट्रिक टन यूरिया, 1264.40 मीट्रिक टन डीएपी, 1977.45 खाद उपलब्ध है. इसी तरह मऊगंज जिले में 3095.47 मीट्रिक टन खाद की उपलब्धता है. मार्कफेड में 582.03, समितियों में 760.71 तथा निजी खाद विक्रेताओं के यहाँ 1752.74 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध है.
प्रत्येक काउंटर से दो सौ किसानो को खाद दें
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि मार्कफेड के अधिकारी प्रत्येक खाद वितरण केन्द्र में पर्याप्त संख्या में काउंटर शुरू करा दें. प्रत्येक काउंटर से प्रतिदिन दो सौ किसानों को खाद का वितरण कराएं. जो किसान शेष बचते हैं उन्हें अगले दिन खाद देने के लिए टोकन प्रदान कर दें. किसी भी स्थिति में खाद वितरण केन्द्र में किसान को परेशानी न हो. सभी एसडीएम और तहसीलदार खाद वितरण केन्द्रों का नियमित रूप से निरीक्षण करके इन पर कड़ी निगरानी रखें. कलेक्टर ने कहा कि खाद वितरण के लिए सभी डबल लॉक केन्द्रों में पर्याप्त काउंटर बना दें. खाद वितरण तथा टोकन के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित कर दें.
खाद वितरण केन्द्रों में अधिकारी नियुक्त
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जिले के विभिन्न खाद वितरण केन्द्रों में वितरण की सुचारू व्यवस्था एवं मानीटरिंग के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है. डबल लॉक केन्द्र करहिया में एसएडीओ श्रीमती रूचिका मिश्रा, डबल लॉक केन्द्र चोरहटा में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी वीपी सिंह, डबल लॉक केन्द्र गुढ़ में एएडीओ रामजी पाण्डेय, डबल लॉक केन्द्र उमरी में एईओ उमेश कुशवाहा, डबल लॉक केन्द्र जवा में एसएडीओ श्रीमती जयामित्री देवी तथा डबल लॉक केन्द्र त्योंथर में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी टीआर त्रिपाठी को नियुक्त किया गया है
