इंदौर: मल्हारगंज थाना क्षेत्र के तेलीबाखल इलाके में शुक्रवार देर रात बिल्डर अंकित राठौड़ पिता राजू राठौड़ की हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है. धनतेरस की सुबह जहां आमतौर पर रौनक रहती है, वहीं आज गलियां सूनी हैं और लोगों के चेहरों पर गम साफ झलक रहा है.प्रारंभिक जांच में राजू पंडित और लालू तिवारी के नाम वारदात में सामने आए हैं. हत्या के बाद दोनों फरार हैं.
मल्हारगंज पुलिस की टीम ने देर रात से ही दोनों की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस ने आरोपियों के घर और रिश्तेदारों के ठिकानों पर छापे मारे, लेकिन दोनों का सुराग नहीं लग सका है. दो दिन पहले अंकित और लालू पंडित के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद कल रात बड़ी गणपति चौराहे के पास आरोपियों ने अंकित पर हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से अंकित की मौके पर ही मौत हो गई.
अंकित राठौड़ क्षेत्र के सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं और उनका संबंध वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय से भी जुड़ा था. हर वर्ष वे तेजाजी मंदिर पर आयोजन करते थे, जिससे क्षेत्र में उनकी पहचान काफी थी. हत्या की खबर लगते ही तेलीबाखल क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया. आसपास के घरों में धनतेरस की सुबह सूनी रही. मल्हारगंज थाना प्रभारी ने बताया कि अंकित का पोस्टमार्टम सुबह किया गया है और पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार जुटी हुई हैं. सूत्रों के अनुसार, आरोपियों में से एक का आपराधिक रिकॉर्ड है और वह दो वर्ष पूर्व जेल से छूटकर आया था. फिलहाल पुलिस ने दोनों को पकड़ने के लिए घेराबंदी तेज कर दी है और इलाके में सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.
