
इंदौर:जूनी इंदौर क्षेत्र के विजय पैलेस में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात भीषण हादसा हो गया. रात करीब 2 बजे एक घर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. हादसे के वक्त घर में परिवार के छह सदस्य मौजूद थे, इनमें से 11 वर्षीय रहमान की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि चार अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है.
विजय पैलेस निवासी एजाज खान के घर में रखे कबाड़ में अचानक आग भड़क उठी. वहां स्पंज और अन्य ज्वलनशील सामान रखा था, जिससे आग तेजी से फैल गई. कुछ ही देर में पूरा घर धुएं से भर गया. परिवार के सभी सदस्य उस वक्त गहरी नींद में थे.
धुआं फैलने से उनका दम घुटने लगा. एजाज खान और परिजन ने किसी तरह आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें तेज होने से सफल नहीं हो पाए. पड़ोसियों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी. मौके पर पहुंची टीम ने आग पर काबू पाया और घायलों को एम्बुलेंस से चोइथराम अस्पताल पहुंचाया. हादसे में 11 वर्षीय रहमान की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि उसकी मां अनीशा बी, बहनें अल्फिया और आफशीन तथा छोटा भाई रियान को गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती किया है. एजाज खान की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.
जूनी इंदौर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत होता है. मौके से फॉरेंसिक टीम ने सैंपल एकत्र किए हैं. वहीं, एजाज के रिश्तेदार मोहम्मद अबरार ने बताया कि उन्हें रात दो बजे फोन पर हादसे की सूचना मिली. जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक घर पूरी तरह धुएं में घिर चुका था और एक बच्चे की मौत हो चुकी थी. पुलिस और फॉरेंसिक टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है. इलाके में घटना के बाद से शोक और दहशत का माहौल है.
