
सीहोर।दीपावली से पहले ही शहर के बाजारों में दीपावली मनाई जा रही है. धनतेरस की पूर्व संध्या पर जहां लोगों ने जमकर खरीदारी की तो वहीं व्यापारी धनतेरस पर भी इसी प्रकार की जोरदार खरीदारी की उम्मीद लगाए बैठे हैं.
धनतेरस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को शहर के बाजारों में जोरदार रौनक दिखाई दी. शहर के मुख्य मार्ग से लेकर गांधी रोड़, सर्राफा बाजार, बड़ा बाजार सहित अन्य बाजारों में ग्राहकों विशेषकर महिलाओं युवतियों की खासी भीड़ नजर आई. महिलाओं ने कपड़े, साडिय़ों, सजावटी सामान के साथ ही सोने-चांदी के आभूषणों की भी खूब खरीदारी की. अधिकांश दुकानें ग्राहकों से पटी दिखाई दे रही थी. यहीं हाल शहर के आटोमोबाइल सेक्टर में भी देखने को मिला. सभी प्रमुख दो पहिया वाहन शोरूमों पर धनतेरस व दीपावली के लिए ग्राहक एडवांस बुकिंग कराते नजर आए. जीजीएस सर्राफा दुकान संचालक गौरव सोनी ने बताया कि बीते एक सप्ताह से ग्राहकी में अच्छी पूछपरख देखी जा रही है. उम्मीद है कि धनतेरस पर भी बाजार में इसी प्रकार का उठाव दिखाई देगा. उन्होंने बताया कि महिलाओं की पसंद को ध्यान में रखते हुए हमारे शोरूम में आधूनिक चलन की ज्वैलरी उपलब्ध करवाई जा रही है. इधर सुदर्शन बजाज शोरूम के संचालक सुनीत राय ने बताया कि बजाज के कई मॉडलों को युवाओं द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है.
इसी तरह युवाओं में पल्सर के साथ ही देश की पहली सीएनजी बाईक बजाज फ्रीडम में भी काफी अच्छा रिस्पांस मिल रहा है. धनतेरस व दीपावली के लिए बड़ी संख्या में एडवांस बुकिंग की जा रही है. इधर नए रूपरंग व इवी में आए बजाज चेतक को युवतियां काफी पसंद कर रही है. उल्लेखनीय है कि धनतेरस पर शहर के सर्राफा बाजार सहित बर्तन बाजार में ग्राहक मुर्हूत में खरीदारी के लिए बाजारों में पहुंचेंगे. सोना- चांदी रिकार्ड भाव होने के कारण सर्राफा कारोबार में कमी होने की संभावनाएं लगाई जा रही हैं.
