
पन्ना। वृहद पुलिस कार्रवाई के तहत नगर परिषद अध्यक्ष देवेन्द्रनगर के पति ललित गुप्ता पर 15 अक्टूबर को हुए जानलेवा हमले का पर्दाफाश कर दिया गया है। इस कार्रवाई में शूटर सहित हत्या की साजिश रचने वाला मास्टरमाइंड भी गिरफ्तार हुआ।
पुलिस अधीक्षक पन्ना, श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन में थाना देवेन्द्रनगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध कट्टा, कारतूस, मोटरसाइकिल और मोबाइल जप्त किए।
जानकारी के अनुसार, आरोपी आकाश साहू (19), निवासी नादेया, थाना राजनगर, जिला छतरपुर ने कट्टा और पिस्टल से ललित गुप्ता पर फायरिंग कर गंभीर चोटें पहुंचाई थीं। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विशेष टीम गठित कर 16 अक्टूबर को आकाश साहू को बड़ागाँव वेयरहाउस के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने भरत सिंह परमार (मास्टरमाइंड) के कहने पर यह हमला किया था। पुलिस ने आकाश के कब्जे से 315 बोर कट्टा, एक जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल और मोबाइल जप्त किए।
17 अक्टूबर को मास्टरमाइंड भरत सिंह परमार को बड़ागाँव से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि पूर्व विवाद के चलते उसने ललित गुप्ता से बदला लेने के लिए आकाश साहू को पैसे का लालच देकर हत्या की साजिश रची थी।
