
बैतूल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने गुरुवार को आपातकाल संविधान हत्या दिवस पर बैतूल स्थित भाजपा कार्यालय विजय भवन में आयोजित संगोष्ठी में लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि 25 जून 1975 को लगाया गया आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय था। सत्ता बनाए रखने के लिए लोकतांत्रिक मूल्यों को कुचला गया और नागरिक अधिकारों का हनन हुआ।
खण्डेलवाल ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों ने कठिन परिस्थितियों में संघर्ष कर लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा की। उनके साथ उनके परिवारों ने भी सामाजिक, आर्थिक और मानसिक परेशानियां झेलीं, लेकिन सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान पूरे राष्ट्र के संघर्ष और लोकतांत्रिक भावना का सम्मान है। कार्यक्रम में आपातकाल पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, विधायक चंद्रशेखर देशमुख सहित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
