पलेरा: नगर परिषद की साधारण सम्मेलन की बैठक नगर परिषद सभागार में आयोजित की गई। बैठक में खरगापुर विधायक चंदा सुरेंद्र सिंह गौर की उपस्थिति में 26 बिंदुओं पर चर्चा हुई, जिनमें से 24 बिंदु सर्वसम्मति से पारित किए गए।बैठक में मुख्य रूप से नगर के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों पर विचार किया गया। इसमें सीसी सड़क निर्माण, नाली निर्माण, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण, हनुमान टोरिया मंदिर के सामुदायिक भवन मार्ग की सीढ़ियां, शीतला माता मंदिर की बाउंड्री वॉल और गजाधर तालाब के पास सौंदर्यीकरण जैसी योजनाओं की दरों और डीपीआर पर चर्चा शामिल थी।
इसके अतिरिक्त, ट्रेड लाइसेंस की दरें निर्धारित करने, दुकान नामांतरण, पेवर्श लगाने और वन नेशन वन इलेक्शन जैसे अन्य विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।बैठक के दौरान भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों ने नगर विकास के मुद्दों पर एक जुटता दिखाई, जिससे अध्यक्ष गायत्री विनोद वर्मा ने सभी पार्षदों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष गायत्री विनोद वर्मा, उपाध्यक्ष संदीप तिवारी उर्फ रानू, सीएमओ शिवि उपाध्याय सहित सभी वार्ड पार्षद और नगर परिषद कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई।
