ग्वालियर: सशस्त्र सेना झंडा दिवस के तहत लक्ष्य से अधिक अंशदान राशि एकत्रित करने पर ग्वालियर जिले को प्रदेश स्तर पर सम्मानित किया गया। यह सम्मान राजभवन में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया। राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल मंगूभाई पटेल द्वारा टीम ग्वालियर को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। कलेक्टर रूचिका चौहान की ओर से यह सम्मान जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल नरेन्द्र सिंह तोमर ने प्राप्त किया। तोमर ने कलेक्ट्रेट पहुँचकर कलेक्टर रुचिका चौहान को ससम्मान प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह भेंट किया।
कर्नल नरेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि सशस्त्र सेना झंडा दिवस के उपलक्ष्य में जिले के लिए 12 लाख 74 हजार 100 रुपए का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। ग्वालियर जिले में इस बार 13 लाख 23 हजार 520 रुपए की राशि संग्रहित की गई, जो लक्ष्य से अधिक है।उल्लेखनीय है कि ग्वालियर जिला पिछले 10 वर्षों से लगातार लक्ष्य से अधिक राशि एकत्रित कर वीर शहीद सैनिकों एवं उनके परिवारों के प्रति अपनी एकजुटता और सच्ची संवेदनाएं व्यक्त करता आ रहा है। इस उपलब्धि पर जिले के सभी अधिकारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
