आधा क्विंटल लड्डुओं पर मिली फफूंद, मौके पर नष्ट कराया

सतना : दीपावली जैसे प्रमुख पर्व पर मिष्ठानों की बढ़ती मांग को देखते हुए एक ओर जहां कुछ मिलावट खोर सक्रिय हो जाते हैं वहीं दूसरी ओर जल्दबाजी में स्वच्छता को दरकिनार कर खाद्य पदार्थों का निर्माण करते हुए काफी मात्रा में स्टॉक करके रख लिया जाता है. जिसे देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा पिछले 4 दिनों से लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में गुरुवार को सतना और मैहर जिले के विभिन्न स्थानों में स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई.

खाद्य सुरक्षा अधिकारी मैहर अभिषेक बिहारी गौड़ द्वारा बुधवार को अमरपाटन ब्लाक के मुकुंदपर क्षेत्र में स्थित आराध्या डेयरी की जांच की गई. जांच के दौरान वहां पर मौजूद पेड़ा और बेसन के लड्डू के नमूने एकत्र किए गए. लेकिन वहीं पर जब मोतीचूर के लड्डुओं पर बारीकी से गौर किया गया तो उस पर फफूंद लगी नजर आई. इस संबंध में जब प्रतिष्ठान संचालक से पूछा गया तो कोई जवाब नहीं मिला.

जिसे देखते हुए फफूंद लगे 50 किलो लड्डुओं को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया.  जिसके बाद ताला क्षेत्र में स्थित प्रतिष्ठानों की जांच करते हुए बर्फी और लड्डू के नमूने लिए गए. इसी कड़ी में अमरपाटन क्षेत्र के प्रतिष्ठानों की जांच करते हुए खोवा, मिल्क केक, नमकीन, हॉर्लिक्स बर्फी, मलाई चाप और कुकीज के नमूने लिए गए.
वहीं शहर की रीवा रोड पर स्थित दो प्रमुख प्रतिष्ठान महेश्वरी स्वीट्स और वी-वीनस स्वीट्स की जांच करने के लिए अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा एवं सीएमएचओ डॉ. एल के तिवारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी शीतल सिंह और अशोक कुर्मी पहुंचे. महेश्वरी स्वीट्स के कारखाने में मौजूद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को परखा गया. इस दौरान डोडा बर्फी, मोतीचूर लड्डू और नमकीन के नमूने लिए गए. इसी कड़ी में वी-वीनस स्वीट्स के तृतीय तल में स्थित कारखाने की जांच करते हुए बर्फी, मोतीचूर और नमकीन के नमूने लिए गए.
 कारखाना संचालक को नोटिस जारी
जिले के बिरसिंहपुर क्षेत्र में तहसीलदार अभिषेेक बिहारी शर्मा और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अभिषेक उपाध्याय के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जांच की. इस दौरान बस स्टैण्ड स्थित छप्पन भोग मिष्ठान भण्डार में स्वच्छता के मानकों का पालन होता न देख संचालक को नोटिस जारी कर दी गई. इतना ही नहीं बल्कि वहां पर मोतीचूर के लड्डू और अन्य खाद्य पदार्थों में सिंथेटिक रंग का उपयोग पाए जाने पर उनके नमूने लिए गए. जिसके बाद जैतवारा रोड पर कमला होटल से खोवा और मोतीचूर लड्डू के नमूने लिए गए. लेकिन खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच की जानकारी सामने आते ही बिरसिंहपुर क्षेत्र के प्रतिष्ठान संचालकों के बीच खलबली मच गई और वे अपने-अपने प्रतिष्ठानों का शटर गिराकर भाग निकले.

Next Post

दो सूने घरों का ताला तोड़ गहने-नगदी चोरी

Fri Oct 17 , 2025
सतना: कोलगवां थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 10 स्थित शुक्ला बरदाडीह में बुधवार देर रात दो सूने घरों में चोरी की घटना सामने आई। अज्ञात बदमाशों ने इन घरों को निशाना बनाया और सोने-चांदी के गहने तथा नकदी चोरी कर ली।प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली घटना नवल किशोर शुक्ला के […]

You May Like