नयी दिल्ली 16 अक्टूबर (वार्ता) भारत ने रूस से तेल खरीदने वाली भारतीय कंपनी पर प्रतिबंधों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि ऊर्जा व्यापार के क्षेत्र में दोहरे मापदंड नहीं होने चाहिए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरूवार को यहां साप्ताहिक ब्रीफिंग में इस संबंध में पूछे गये सवाल के जवाब में कहा कि भारत इन एकतरफा प्रतिबंधों को उचित नहीं मानता और वह अपने नागरिकों की ऊर्जा जरूरतों को सर्वाधिक महत्व देता है।
प्रवक्ता ने कहा ,” हमने ब्रिटेन द्वारा घोषित नवीनतम प्रतिबंधों को देखा है। हम किसी भी एकतरफा प्रतिबंध का समर्थन नहीं करते। सरकार अपने नागरिकों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए ऊर्जा सुरक्षा के प्रावधान को सर्वोच्च महत्व देती है। भारतीय कंपनी बाजार की स्थिति के अनुरूप अपनी ऊर्जा जरूरतों की पूर्ति के लिए दुनिया के अनेक देशों से आपूर्ति करती हैं। हमारा मजबूती के साथ मानना है कि विशेष रूप से ऊर्जा व्यापार के मामले में दोहरे मापदंड नहीं होने चाहिए। ”
उल्लेखनीय है कि ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के भारत यात्रा से लौटने के बाद ब्रिटेन ने रूस से तेल खरीदने वाली भारतीय कंपनी नायरा एजर्जी लिमिटेड पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है।
