इंदौर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को इंदौर में आयोजित समारोह में पुलिस कमिश्नरेट के पदोन्नत अधिकारियों और कर्मचारियों को स्टार पहनाकर सम्मानित किया. उन्होंने निरीक्षक से डीएसपी बने अधिकारियों की वर्दी पर लगी रिबन काटी, जबकि सहायक उप निरीक्षक और उप निरीक्षक पद पर पदोन्नत अधिकारियों के कंधों पर स्टार लगाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं. इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मिठाई खिलाकर बधाई भी दी.
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान नहीं, बल्कि नई जिम्मेदारियों को अधिक ईमानदारी, संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ निभाने का अवसर है. उन्होंने विश्वास जताया कि पदोन्नत अधिकारी अपने अनुभव और कार्यकुशलता से आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराएंगे. समारोह में पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
गौरतलब है कि प्रदेश में पदोन्नति प्रक्रिया के तहत इंदौर पुलिस कमिश्नरेट के 1,539 अधिकारी और कर्मचारियों को उच्च पदों पर पदोन्नत किया है. इनमें 16 निरीक्षक/रक्षित निरीक्षक डीएसपी, 48 उप निरीक्षक निरीक्षक, 512 प्रधान आरक्षक सहायक उप निरीक्षक और 963 आरक्षक प्रधान आरक्षक बनाए गए हैं.
