चितरंगी: जिले के चितरंगी विकासखंड अंतर्गत पोड़ी से बड़कुड़ होते हुए बगदरा तक जाने वाला सड़क मार्ग इन दिनों पूरी तरह जर्जर हो चुका है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत वर्षों पहले निर्मित यह सड़क अब बदहाल स्थिति में पहुंच गई है।हालात ऐसे हैं कि बीते दो से ढाई वर्षों से इस मार्ग पर आवागमन करना लोगों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं रह गया है। सड़क पर जगह-जगह गहरे खाईनुमा गड्ढे बन चुके हैं, जिससे वाहन चालकों को हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
कई बार दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। डामर पूरी तरह उखड़ चुका है और सड़क के अधिकांश हिस्सों में केवल गिट्टी ही दिखाई दे रही है। इससे धूल उड़ने की समस्या भी बढ़ गई है, जिससे राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी विकराल हो जाती है।
गड्ढों में पानी भर जाने के कारण सड़क और गड्ढों में अंतर करना मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। स्कूली बच्चे, मरीज और रोजाना आने-जाने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को सड़क की मरम्मत के लिए अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
