खाद संकट से बेहाल किसान, रातभर सोसायटी के बाहर डेरा

सीहोर। शासन-प्रशासन के पर्याप्त खाद आपूर्ति के दावों के बीच किसानों को रबी सीजन की बुवाई से पहले भारी संकट झेलना पड़ रहा है. सोसायटियों के बाहर किसानों की लंबी कतारें लगी हैं, जहां घंटों इंतजार के बाद भी मुश्किल से एक-दो बोरी खाद मिल पा रही है. कई जगह किसान पूरी रात रतजगा करते हुए भजन-कीर्तन कर ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं.

इछावर तहसील के ग्राम बोरदी में किसान रजाई-कंबल लेकर सोसायटी के बाहर डटे रहे. सुबह दरवाजे खुलते ही भीड़ उमड़ पड़ी और अव्यवस्था के बीच पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा. किसानों ने प्रशासन पर खाद की कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए कहा कि बाजार में महंगे दामों पर खाद बिक रही है, जबकि समितियों में कमी बताई जा रही है.

खाद संकट के चलते रबी फसल की बुवाई प्रभावित हो रही है, जिससे पहले से खरीफ की मार झेल रहे अन्नदाता गहरी निराशा में हैं और प्रशासन के सब ठीक है, के दावों पर सवाल उठा रहे हैं.

इनका कहना है:

इछावर क्षेत्र में खाद की कोई कमी नहीं है. सभी सहकारी समितियों में खाद लगातार आ रहा है. ब्लाक में 11 सहकारी समिति और 3 प्रायवेट संस्थानों द्वारा खाद का निरंतर वितरण किया जा रहा है. किसानों को रात्रि में सोसायटी के बाहर लाईन लगाने की जरुरत ही नहीं है. सुबह आकर टोकन प्राप्त करें और आराम से खाद लें.

दुर्गेश तिवारी,
नायब तहसीलदार ,इछावर

Next Post

ऋषिकेश में आपूर्ति विभाग ने 26 घरेलू सिलेंडरों को किया ज़ब्त

Thu Oct 16 , 2025
ऋषिकेश, 16 अक्टूबर (वार्ता) उत्तराखंड के ऋषिकेश में आपूर्ति विभाग की टीम ने बुधवार को क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विभूति जुयाल के नेतृत्व में डोईवाला और आसपास के क्षेत्रों में रसोई गैसों के व्यवसायिक उपयोग पर बड़ी कार्रवाई की। भनियावाला, हर्रावाला, मिल रोड और केशवपुरी बस्ती सहित कई स्थानों पर हुई […]

You May Like