नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (वार्ता) राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलमो) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने बुधवार को यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद कहा कि बिहार में उनका गठबंधन चुनाव जीतेगा और राजग की सरकार बनेगी।
इससे एक दिन पहले मंगलवार को उपेंद्र कुशवाहा ने कहा था, “राजग में सब कुछ ठीक नहीं है।” जानकारों के मुताबिक श्री कुशवाहा राजग के सहयोगी दल लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) को महुआ सीट दिए जाने से नाराज थे। इस मामले में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने श्री कुशवाहा से मंगलवार रात मुलाकात करके उन्हें मनाने का भी प्रयास किया था।
लेकिन बात नहीं बनने पर बुधवार की सुबह श्री कुशवाहा और केंद्रीय मंत्री श्री राय केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलने पटना से दिल्ली पहुंचे। श्री शाह के आवास पर देरी से पहुंचने के कारण सुबह मुलाकात नहीं हो पायी। दोनों नेता एक बार फिर दोपहर को श्री शाह से उनके आवास पर मिले, जहां 45 मिनट की चर्चा के बाद सीटों पर सहमति बनी।
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए श्री कुशवाहा और श्री राय ने कहा कि राजग में सब ठीक है और उनका ही गठबंधन बिहार चुनाव जीतेगा।
सूत्रों के मुताबिक रालोमो नेता को एमएलसी और राज्यसभा सीट का आश्वासन दिया गया।
गौरतलब है कि भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची और जनता दल यूनाइटेड (जद-यू) ने अपनी पहली सूची जारी कर दी है।
