वाशिंगटन, 26 जुलाई (वार्ता) अमेरिकी सैन्य रिजर्व ने क्यूबा को लेकर अपनी योजना के तहत अपने अधीन कमानों से छह तरह के फ़ॉर्मेशन की संभावित उपलब्धता के बारे में जानकारी मांगी है जिनकी अगले चार माह में ज़रूरत पड़ सकती है।
सैन्य रिजर्व इस बात पर मंथन कर रहा है कि वह क्यूबा पर केंद्रित योजना के तहत आगामी चार महीनों में अमेरिकी दक्षिणी कमान को सैन्य पुलिस, स्वास्थ्यकर्मी एवं अन्य सहायक इकाइयां मुहैया कराने में कितनी सक्षम है।
सीबीएस न्यूज के अनुसार, कई अमेरिकी अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है। रिपोर्ट के अनुसार, सैन्य रिजर्व मुख्यालय ने अपने अधीन कमानों से छह तरह के फ़ॉर्मेशन की संभावित उपलब्धता के बारे में जानकारी मांगी, जो दक्षिणी कमान के तहत आ सकते हैं और जिनकी “शायद 90-120 दिनों में ज़रूरत पड़ सकती है।”
मांगी गई क्षमताओं में सैन्य पुलिस, चिकित्सा, इंजीनियरिंग और लॉजिस्टिक्स इकाइयों के साथ-साथ एक सर्जिकल दल भी शामिल है, जो अमेरिकी बलों के निकट आपातकालीन सर्जरी और ट्रॉमा उपचार उपलब्ध कराने में सक्षम होगा। अमेरिकी दक्षिणी कमान ने संभावित तैनाती पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए इसे अभियान संबंधी सुरक्षा का मामला बताया।
रिपोर्ट ने अमेरिकी दक्षिणी कमान के एक प्रवक्ता के हवाले से कहा, “यूएस सदर्न कमांड अपने निर्धारित अभियानों के समर्थन में अपने जिम्मेदारी वाले क्षेत्र में संभावित आवश्यकताओं का आकलन करने के लिए संयुक्त बल के साथ लगातार समन्वय करता है।”
सीबीएस न्यूज ने यह भी बताया कि अमेरिकी बलों ने इस वर्ष की शुरुआत में क्यूबा के समुद्र तल और समुद्री पहुंच मार्गों के आसपास टोही अभियान चलाए थे। इसके अलावा, संभावित तैनाती के मद्देनजर हवाई इकाइयों को उच्च स्तर की तैयारियों पर रखा गया था, हालांकि अंततः ऐसी कोई तैनाती नहीं हुई।
जुलाई में अमेरिकी सैन्य योजनाकारों ने क्यूबा से संबंधित कई संभावित विकल्पों की भी समीक्षा की थी। इनमें हजारों सैनिकों को शामिल करते हुए सेना के नेतृत्व में हवाई हमले का विकल्प भी शामिल था। अधिकारियों ने हालांकि उस समय स्पष्ट किया था कि ऐसी योजना बनाए जाने का अर्थ यह नहीं है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप या पेंटागन ने अभियान आगे बढ़ाने का निर्णय ले लिया है।
ये घटनाक्रम ऐसे समय सामने आए हैं जब ट्रंप प्रशासन हवाना पर आर्थिक दबाव बढ़ा रहा है। श्री ट्रंप ने इस सप्ताह संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनका प्रशासन क्यूबा में ‘मूलभूत बदलाव’ लाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो हवाना के साथ ‘गहन वार्ता’ कर रहे हैं।
वहीं, क्यूबा के राष्ट्रपति मिगेल डियाज-कानेल ने किसी भी अमेरिकी हमले का जवाब देने का संकल्प जताया है। उन्होंने अमेरिका पर ”आक्रामकता” और ”आर्थिक युद्ध” करने का आरोप लगाया है।

