सिवनी: सिवनी जिले के लखनवाड़ा थाना में एसडीओपी पूजा पांडे सहित कुल 11 पुलिसकर्मियों के खिलाफ एक गंभीर आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। इन सभी पर हवाला कारोबार से जुड़े एक मामले में कथित रूप से डकैती, अवैध रूप से रोकने और आपराधिक षड्यंत्र जैसे संगीन आरोप लगाए गए हैं।यह है मामला-प्राप्त जानकारी के अनुसार, लखनवाड़ा थाना में यह मामला अपराध क्रमांक 473/2025 के तहत दर्ज किया गया है। इन पुलिसकर्मियों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की निम्नलिखित धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की गई है:
धारा 310(2)-डकैती, धारा 126(2)- गलत तरीके से रोकना (अवैध परिरोध),धारा 140(3)-अपहरण/अपहरण,धारा 61(2)-आपराधिक षड्यंत्र हवाला कांड से जुड़ा है मामला-यह पूरा प्रकरण सिवनी में कथित हवाला राशि की लूट और जब्ती में अनियमितता से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने एक वाहन से कथित हवाला की बड़ी रकम जब्त की थी, लेकिन आरोप है कि उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को पूरी राशि की जानकारी नहीं दी और कुछ पैसे छिपा लिए। फरियादी द्वारा बड़ी राशि की लूट की शिकायत के बाद यह मामला सुर्खियों में आया।
इस मामले में, एसडीओपी पूजा पांडे के अलावा, अन्य 10 आरोपी पुलिसकर्मी शामिल हैं जिनके विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। इस घटना से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जांच जारी है। घटना के बाद, एसडीओपी पूजा पांडे समेत कई पुलिसकर्मियों को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। आगे की विस्तृत जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
