
भिण्ड। दीपावली पर्व के मद्देनज़र जिले में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव के मार्गदर्शन में जिले भर में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
अटेर एसडीओपी रविंद्र वास्कले ने बताया कि त्यौहार के दौरान बाजारों में बढ़ती भीड़ और यातायात को देखते हुए विशेष सुरक्षा योजना तैयार की गई है। जिले के प्रमुख बाजारों, बस स्टैंडों, मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
एसडीओपी ने कहा कि दीपावली के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अफवाह या असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में सतत गश्त करने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
भीड़भाड़ वाले बाजारों में ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पॉइंट निर्धारित किए गए हैं, जबकि यातायात पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी वाहन मुख्य मार्ग पर बिना वजह खड़ा न हो। साथ ही, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस सेवाएं हर समय अलर्ट मोड पर रहेंगी।
एसडीओपी वास्कले ने नागरिकों से अपील की है कि वे त्यौहार के दौरान शांति, सौहार्द और अनुशासन बनाए रखें, आतिशबाज़ी सुरक्षित स्थानों पर करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन नागरिकों के सहयोग से एक शांतिपूर्ण और सुरक्षित दीपावली मनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
