भोपाल: राष्ट्रीय सेवा योजना (प्रकोष्ठ) बरकतउल्ला विश्वविद्यालय भोपाल की संगठित व्यवस्था में, मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति, भोपाल एवं राष्ट्रीय सेवा योजना, मध्यप्रदेश रेड रिबन क्लब की संयुक्त पहल के अंतर्गत “यूथ अगेंस्ट एचआईवी/एड्स राज्य स्तरीय रेड रन मैराथन 2025” का आयोजन उत्साह एवं जोश के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ.इस अवसर पर मनोज कुमार अग्निहोत्री ने विजेता स्वयंसेवकों को बधाई देते हुए कहा कि “असफलता ही सफलता की सीढ़ी होती है,” और सभी प्रतिभागियों को प्रेरित किया.
अशोक कुमार श्रोती ने अपने वक्तव्य में कहा कि “यह दौड़ एच.आई.वी./एड्स के प्रति जन-जागरूकता फैलाने की एक अत्यंत सराहनीय पहल है.”
वहीं सुचिस्मिता सक्सेना ने कहा कि “एच.आई.वी./एड्स के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करने में युवाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है. यह अभियान केवल दो महीनों का न रहकर निरंतर जारी रहना चाहिए.
कार्यक्रम में राज्यभर के रेड रिबन क्लबों से आए कई प्रतिभागी धावकों ने भाग लिया. इस अवसर पर “यूथ अगेंस्ट एचआईवी/एड्स” थीम पर नारे, पोस्टर एवं वॉकथॉन के माध्यम से भी जन-जागरूकता संदेश दिया गया. मैराथन के समापन पर पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विजेताओं को नगद राशि, ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया.
पूरे कार्यक्रम का संचालन बरकतउल्ला विश्वविद्यालय प्रकोष्ठ भोपाल के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अनन्त कुमार सक्सेना एवं ई.टी.आई. प्रशिक्षक तथा मुक्त इकाई कार्यक्रम अधिकारी राहुल सिंह परिहार के नेतृत्व में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ.यह आयोजन राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति, भोपाल द्वारा प्रायोजित एवं बरकतउल्ला विश्वविद्यालय प्रकोष्ठ, भोपाल (राष्ट्रीय सेवा योजना) द्वारा संयोजित किया गया.
सह-संयोजन में द भोपाल स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज़, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय मुक्त इकाई, तथा जिले के सभी रेड रिबन क्लबों का उल्लेखनीय सहयोग रहा. इस आयोजन में युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि नई पीढ़ी न केवल अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए भी प्रतिबद्ध है.
