जमशेदपुर (झारखंड), 09 अक्टूबर (वार्ता) भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक और पेट्रोलियम खेल संवर्धन बोर्ड की टीमें शुक्रवार को पांचवीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष अंतर-विभागीय राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2025 के फाइनल में भिड़ेगी। तीसरे और चौथे स्थान के लिए भारतीय खाद्य निगम और सेवा खेल नियंत्रण बोर्ड के बीच मुकाबला होगा।
आज यहां नवल टाटा हॉकी अकादमी आईएसडब्ल्यूपी मैदान में पांचवीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष अंतर-विभागीय राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2025 के पहले सेमीफाइनल में भारतीय नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक ने भारतीय खाद्य निगम को तथा दूसरे सेमीफाइनल में पेट्रोलियम खेल संवर्धन बोर्ड ने सेवा खेल नियंत्रण बोर्ड को हराकर फाइनल में जगह बनाई।
पहले सेमीफाइनल में, भारतीय नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक ने भारतीय खाद्य निगम को 6-0 से हराया। विजेता टीम के लिए आमिद सरफराज खानपथन ने (सातवें) मिनट गोलकर शुरुआत की। इसके तुरंत बाद गणेश मज्जी ने (18वें) मिनट में गोलकर बढ़त दोगुना कर दया और खानपथन ने हाफ टाइम के ठीक बाद 31वें मिनट में एक और गोल करके स्कोर 3-0 कर दिया। भरत महालिंगप्पा कुर्ताकोटी ने (40वें) मिनट तीसरे क्वार्टर में बढ़त को और बढ़ाया, जिसके बाद मंजीत ने (48वें) और दीपक ने (53वें) मिनट में गोल करके शानदार जीत हासिल की।
वहीं दिन के दूसरे सेमीफाइनल में, पेट्रोलियम खेल संवर्धन बोर्ड ने सेवा खेल नियंत्रण बोर्ड को 4-0 से हराया। विजेता टीम के लिए गुरजिंदर सिंह ने (24वें, 50वें), विश्वास जी ने (44वें) और यूसुफ अफ्फान ने (52वें) मिनट में गोलकर पेट्रोलियम खेल संवर्धन बोर्ड के लिए शानदार जीत सुनिश्चित कर दी।
