
उज्जैन। भक्तों को अब बाबा महाकाल का प्रसाद क्यूआर कोड से भी मिल सकेगा। श्रद्धालुओं को इसके लिए ऑनलाइन पेमेंट करना होगा। मंदिर प्रबंध समिति ने अपने सभी प्रसाद काउंटरों पर ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा करने जा रही है। वर्तमान में भक्तों को काउंटरों से नकद राशि देकर प्रसाद खरीदना पड़ता है। समिति इसे हाइटेक करते हुए अब ऑनलाइन भोग प्रसाद के बेसन के लड्डू खरीदने की सुविधा देने जा रही हैं। दरअसल ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा नहीं होने से कई बार श्रद्धालुओं को नकद राशि की व्यवस्थ नहीं होती है, उन्हें या तो नकद लेकर आना पड़ता है या बिना प्रसाद के भी लौटना पड़ता है। लेकिन इस नई व्यवस्था से समस्या दूर हो जाएगी। मंदिर समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक ने दैनिक अग्निपथ को बताया कि जल्द ही लड्डू प्रसाद काउंटरों पर क्यूआर कोड लगा दिए जाएंगे। इससे भक्त ऑनलाइन भुगतान कर प्रसाद प्राप्त कर सकेंगे।
