
दमोह. देहात थाना क्षेत्र की जबलपुर नाका चौकी अंतर्गत आने वाले न्यू दमोह कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर 1:30 बजे एक यात्री बस के चालक ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी. परिजन घायल को गंभीर हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आए.जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है.प्र.आ. रामकुमार सहित पुलिस ने पहुंचकर मामला दर्ज कर बस को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है. घायल युवक की पहचान 21 वर्षीय कृष्णा पिता सेवक राम अहिरवार न्यू दमोह के रूप में हुई है.घायल के पिता सेवक राम ने बताया कि उनका बेटा स्कूटी पर सड़क किनारे बैठा था. तभी कटनी से आ रही एक यात्री बस के चालक ने बेटे को पीछे से टक्कर मार दी. घटना के बाद बस चालक बस लेकर भाग गया, लेकिन आगे बस सड़क किनारे फंस गई। वह तत्काल बेटे को इलाज के लिए 108 की मदद से जिला अस्पताल लेकर आए. घायल का इलाज करने वाले ड्यूटी डॉक्टर बहादुर सिंह ने बताया कि परिजनों ने बताया है कि युवक को बस ने टक्कर मारी है.
जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल ने बताया की जानकारी लगते ही बल के साथ वह घटनास्थल पहुंची हैं. बस सड़क किनारे फंसने से निकलवाया गया। चालक पर मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है, घायल जबलपुर रेफर हुआ है उसके भी बयान दर्ज किया जा रहे हैं.
