
उज्जैन. मानसून की शुरुआती बारिश ने ही अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हुई बारिश के साथ बाहरी क्षेत्रों से आए पानी के कारण शिप्रा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी-नाले उफान पर हैं और रामघाट सहित कई घाटों पर स्थित छोटे-बड़े मंदिर जलमग्न हो गए हैं। एक व्यक्ति के बह जाने के समाचार हैं ।
गुरुवार रात से शुरू हुई बारिश का असर शुक्रवार को पूरे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में दिखाई दिया। जहां एक ओर मौसम सुहाना होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों के लिए भी यह बारिश राहत और उम्मीद लेकर आई है। हालांकि, भारी बारिश के चलते कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई और जनजीवन प्रभावित हुआ।
बाइक सहित बह गए सचिव
सबसे दुखद घटना बड़नगर रोड क्षेत्र में सामने आई, जहां ग्राम पंचायत गांवड़ी लोढ़ा के सहायक सचिव सूर्य प्रताप सिंह सोनगरा उफनते पानी में अपनी मोटरसाइकिल सहित बह गए। वे गुरुवार रात अपने घर लौट रहे थे। पुलिया पर तेज बहाव होने के बावजूद आगे बढ़ने का प्रयास करने पर वे पानी की चपेट में आ गए। सूचना मिलने पर एसडीईआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
मोटरसाइकिल मिली बॉडी नहीं
देर रात उनकी मोटरसाइकिल घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर मिल गई, अंधेरा और तेज बहाव के कारण रात में खोज अभियान बाधित रहा। शुक्रवार सुबह फिर से तलाश शुरू की गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका कोई पता नहीं चल सका।
पेड़ ने बचाई जान
इसी दौरान जगोटी-खेड़ाखजुरिया मार्ग स्थित झालड़ा खाल की रपट पर एक अन्य युवक भी मोटरसाइकिल सहित बह गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने बहते समय पेड़ और झाड़ियों का सहारा लेकर किसी तरह अपनी जान बचा ली, हालांकि उसकी मोटरसाइकिल पानी में बह गई।
शिप्रा के घाट डूबे
लगातार बारिश से शिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण रामघाट के आसपास के कई मंदिर पानी में समा गए हैं। छोटी रपट पर भी पानी आ जाने से आवागमन प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने घाटों पर होमगार्ड, पुलिस और तैराक दल को तैनात कर दिया है तथा श्रद्धालुओं और नागरिकों से नदी किनारे जाने से बचने की अपील की है।
तेज बारिश होना बाकी
जीवाजी वेधशाला के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में जिले में करीब 2.9 इंच वर्षा दर्ज की गई है, जबकि मानसून सीजन की शुरुआत से अब तक लगभग 12 इंच बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है।
