विदिशा। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को हो रही दिक्कतों को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने कार्रवाई की है। प्लेटफॉर्म क्रमांक 2 और 3 पर अपर्याप्त शेड, खराब शौचालय व्यवस्था, पेयजल की कमी और ‘राज्यारानी एक्सप्रेस’ में भीड़भाड़ की शिकायतों पर आयोग ने महाप्रबंधक, पश्चिम मध्य रेलवे, जबलपुर को जांच कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। शिकायत में कहा गया था कि गर्मी और अस्वच्छ वातावरण से यात्रियों, खासकर महिलाओं को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ‘राज्यारानी एक्सप्रेस’ में केवल 15 कोच होने से भीड़भाड़ बढ़ती है, जबकि अन्य ट्रेनों में 21 से 23 कोच उपलब्ध हैं। आयोग ने पाया कि भोपाल स्टेशन की पिट लाइन की क्षमता 15 कोच तक ही सीमित है। स्थायी समाधान हेतु पिट लाइन बढ़ाने या नई लाइन बनाने पर विचार करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, विदिशा-भोपाल के बीच सुबह 9.30 से दोपहर 12.30 तक ट्रेनों की अनुपलब्धता पर भी चिंता जताते हुए चार सप्ताह में विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।
