
भोपाल। हनुमानगंज थाना पुलिस ने एक युवक पर चाकूबाजी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. आरोपियों के पास से मिले चाकू को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है. पुलिस शहर में अपराधों पर नियंत्रण रखने के लिए लगातार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है.
थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को फरियादी इरफान कुरैशी (32) निवासी गौतम नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी. इरफान ने पुलिस को बताया कि रात में रईस , उमर और फारूख नाम के आरोपियों ने उसके साथ चाकू से हाथ और पैरों में हमला किया, जिससे पीडित को गंभीर चोटें आई.
पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल ही आरोपियों की तलाश शुरू की. घटना स्थल आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक किये गये. पुलिस को सूचना मिली कि काजीकैम्प मे चाकूबाजी करने वाले आरोपीगण घूम रहे हैं. मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की, जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया. आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में पीड़ित पर चाकू से हमला करने की बात स्वीकार की. पकड़े गए आरोपियों का पुलिस ने रिकार्ड खंगाला. आरोपियों के खिलाफ पूर्व में हुए अपराध के मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं.
