नागपुर, 02 अक्टूबर (वार्ता) यश ठाकुर (चार विकेट), पार्थ रेखड़े और हर्ष दुबे (दो-दो विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर विदर्भ ने शुक्रवार को ईरानी ट्रॉफी के तीसरे दिन शेष भारत को 214 के स्कोर पर ढ़ेर करने के बाद दूसरी पारी में स्टंप के समय दो विकेट पर 96 रन बना लिये है और उसकी बढ़त 224 रनों की हो गई है।
शेष भारत ने कल के पांच विकेट पर 142 रन से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में शेष भारत का पहला विकेट मानव सुथार (एक) के रूप में गिरा। उन्हें आदित्य ठाकरे ने आउट किया। इसके बाद सारांश जैन (10), आकाश दीप (14) रन को यश ठाकुर ने आउट किया। शेष भारत का नौवां विकेट रजत पाटीदार के रूप में गिरा। उन्हें हर्ष दुबे ने आउट किया। रजत पाटीदार ने 125 गेंदों में 10 चौके लगाते हुए 66 रनों की पारी खेली। ठाकुर ने 70वें ओवर की पांचवी गेंद पर गुरनूर बरार 13 रन को आउट कर शेष भारत की पहली पारी का 214 के स्कोर पर अंत कर दिया। विदर्भ के लिए यश ठाकुर ने चार विकेट लिये। पार्थ रेखड़े और हर्ष दुबे को दो-दो विकेट मिले। दर्शन नालकंडे और आदित्य ठाकरे ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इसके बाद दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी विदर्भ के लिए अथर्व तायडे और अमन मोखाड़े की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 42 रन जोड़े। मानव सुथार ने अथर्व तायडे (15) को आउट किया। वहीं मन मोखाड़े (37) को गुरनूर बरार ने अपना शिकार बनाया। दिन का खेल समाप्त होने के समय विदर्भ ने दूसरी पारी में दो विकेट पर 96 रन बना लिये है और ध्रुव शौरी(नाबाद 24) और दानिश मालेवर (नाबाद 16) क्रीज पर मौजूद हैं।

