अमरकंटक पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, सपरिवार मां नर्मदा की पूजा-अर्चना की

अनूपपुर, नवभारत। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शुक्रवार को दो दिवसीय निजी प्रवास पर मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले स्थित पवित्र तीर्थ नगरी अमरकंटक पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी पत्नी मुक्तेश्वरी बघेल, परिजनों और सहयोगियों के साथ मां नर्मदा उद्गम मंदिर में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। भूपेश बघेल ने सर्वप्रथम मां नर्मदा उद्गम कुंड पहुंचकर श्रद्धापूर्वक मत्था टेका। नर्मदा मंदिर के पुजारी पंडित उमेश द्विवेदी (बंटी महाराज) ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनका पूजन संपन्न कराया। इसके बाद उन्होंने बाबा अमरकंटक महादेव मंदिर में जलाभिषेक, पूजा-अर्चना और आरती की तथा मंदिर परिसर की परिक्रमा कर 11 रुद्र महादेव मंदिर में भी दर्शन किए।

पूजन-अर्चन के उपरांत मंदिर परिसर में पुजारियों ने भूपेश बघेल और उनके परिवार का मां नर्मदा की पावन चुनरी ओढ़ाकर सम्मान किया तथा प्रसाद भेंट किया। इस दौरान उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन की कामना की गई। सम्मान समारोह में पंडित उमेश द्विवेदी, उत्तम द्विवेदी, विनायक द्विवेदी, रबी द्विवेदी, सानू द्विवेदी सहित अन्य पुजारीगण उपस्थित रहे। अपने प्रवास के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने प्राचीन एवं पुरातात्विक महत्व वाले पातालेश्वर महादेव मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया। मंदिर परिसर में उन्होंने परिवार के साथ स्मृति स्वरूप छायाचित्र भी खिंचवाए। जानकारी के अनुसार भूपेश बघेल परिवार सहित दो दिवसीय निजी प्रवास पर अमरकंटक आए हैं। प्रवास के दौरान वे स्थानीय होटल में ठहरे हुए हैं। उनके आगमन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों की भीड़ रही।

Next Post

हाईकोर्ट ने एमआईसी के आदेश को किया निरस्त 

Fri Jun 26 , 2026
इंदौर । हाईकोर्ट के स्थानों बेंच ने कर्बला मेले की एमआईसी द्वारा अनुमति निरस्त करने के निर्णय केके निरस्त कर दिया है। साथ ही नगर निगम आयुक्त की अनुमति को बरकरार रखा है। इसके साथ ही एक बार फिर महापौर और निगम आयुक्त के बीच संबंधों में दरार पैदा होना […]

You May Like