जबलपुर: संस्कारधानी के ऐतिहासिक मुख्य दशहरा चल समारोह के दौरान नगर निगम की स्वच्छता के सिपाहियों ने सफाई के क्षेत्र में दशहरा चल समारोह के मार्ग पर उत्कृष्ट कार्य कर एक इतिहास रच दिया है। महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ एवं निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में यह ऐतिहासिक कार्य 1 घंटे में सम्पन्न कराया गया है। जिसकी सराहना मॉं दुर्गा समितियों के पदाधिकारियों के साथ-साथ अन्य गणमान्यजनों ने भी की है। ऐतिहासिक मुख्य दशहरा चल समारोह मार्ग की ऐतिहासिक सफाई के संबंध में निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने बताया कि दशहरा चल समारोह गुजरते ही 1 घंटे में मार्ग चकाचक हो गया।
इसके लिए उनके द्वारा तीनपत्ती से लेकर हनुमानताल तक तथा अन्य दशहरा चल समारोह मार्ग के चप्पे-चप्पे तक स्वच्छता के सिपाहियों की टीम तैनात की गई थी। जिसके परिणाम स्वरूप आज संस्कारधानी की सड़कें चमचमाती नजर आई। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने बताया की हर वर्ष की तरह इस बार भी ऐतिहासिक दशहरा चल समारोह 2025 का आयोजन किया गया परन्तु इस बार नगर निगम ने अपना एक अलग ही लक्ष्य पूर्व में ही निर्धारित कर लिया था।
उपायुक्त संभव अयाची एवं स्वास्थ्य अधिकारी सुश्री अंकिता बर्मन एवं स्वच्छता सेल के सहायक नोडल अधिकारी एवं सहायक यंत्री अभिनव मिश्रा ने बताया कि दशहरा चल समारोह के रूट में आने वाले सभी संभाग के मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक एवं उनके अधीनस्थ कर्मचारियों को निर्देश दिए गए थे की दशहरा चल समारोह के दौरान होने वाली गन्दगी की सफाई जिस जिस संभाग के रूट में यात्रा समाप्त होगी यात्रा के तुरंत बाद ही की जाएगी। इस निर्देश का कड़ाई से पालन के लिए मुख्यालय स्तर पर भी सभी अपर आयुक्त, उपायुक्त, सहायक आयुक्त, कार्यपालन यंत्री की अलग अलग संभागों में नोडल अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी निर्धारित की गई थी।
जिसका सभी नोडल अधिकारियों, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक, स्वास्थ्य निरीक्षक एवं कर्मचारियों ने पालन करते हुए अपने-अपने संभाग में दशहरा चल समारोह के उपरांत इसी मार्ग में त्वरित गति से पुनः सफाई आरंभ की गई जिसमें रोड स्विपिंग मशीन, गार्बेज लीटर पिकर मशीन, ट्रिपर वाहनों, ट्रैक्टर एवं मैनुअल श्रमिकों को लगाकर तत्काल सफाई कराई गई एवं कचरा, पॉलिथीन, पाउच, केले के छिलके, प्रसाद की सामग्री एवं अन्य कचरा को तत्काल उठाकर रोड को पुनः लोगों के आवागमन के लिए सुचारू पूर्वक स्वच्छ कर पूरे जबलपुर शहर के स्वच्छ भारत मिशन के सपने को साकार किया जिसकी उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों ने भी सराहना की। इस कार्य में सहायक स्वास्थ्य अधिकारी, एवं संभागों के मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक ने उत्तम सफाई कर अपना विशेष योगदान दिया।
