लेह हिंसा से लद्दाख की अर्थव्यवस्था हुयी प्रभावित, पर्यटक रद्द कर रहे हैं अपनी बुकिंग

श्रीनगर, 02 अक्टूबर (वार्ता) लद्दाख के लेह में पिछले हफ्ते हुयी हिंसा के बाद केंद्रशासित प्रदेश का पर्यटन उद्योग बुरी तरह प्रभावित हुआ है। लेह हिंसा के दौरान चार लोगों की मौत हुयी थी और 100 से ज्यादा लोग घायल हुये थे।

होटल व्यवसायियों ने बताया कि लेह में अशांति के कारण कई लोगों ने अपनी यात्राएं रद्द कर दी हैं, जिससे क्षेत्र का फलता-फूलता पर्यटन सीजन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हिंसा और राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की हिरासत के बाद अधिकारियों ने पूरे लेह में कर्फ्यू लगा दिया था। हालांकि 30 सितंबर के बाद कर्फ्यू में थोड़ी ढील दी गयी है, लेकिन पुलिस, सीआरपीएफ सड़कों पर लगातार गश्त कर रहे हैं।

ऑल लद्दाख टूर ऑपरेटर एसोसिएशन (एएलटीओए) के अध्यक्ष दोरजे स्टम्पा ने पुष्टि की कि उन्होंने कुछ बुकिंग रद्द होते देखी हैं। टूर ऑपरेटर को बुकिंग रद्द करने के लिये ग्राहकों के फोन आ रहे हैं ।लद्दाख में पर्यटन राजस्व का मुख्य स्रोत है, जो इस क्षेत्र की 60 प्रतिशत से अधिक आय का जरिया है और यह आधी से अधिक आबादी की आजीविका का स्रोत है। अकेले लेह जिले में ही 2,100 से अधिक आतिथ्य इकाइयाँ हैं, जिनमें होटल, गेस्टहाउस और होमस्टे शामिल हैं।

आमतौर पर लेह में विभिन्न होटलों को शीत ऋतु के मद्देनजर पहले ही बंद कर दिया जाता है एक होटल व्यवसायी ने बताया कि उसने मौजूदा स्थिति के कारण शीतकालीन बंदी से दस दिन पहले ही अपना होटल बंद कर दिया है, जिससे पर्यटन का चरम सीजन छोटा हो गया है, जो आमतौर पर अक्टूबर के मध्य तक रहता है।

पर्यटकों का आना पूरी तरह रुका नहीं है लेकिन कई पर्यटक बुकिंग अवधि से कम रुक रहे हैं और कुछ मध्य लेह जाने वाले मार्गों से बच रहे हैं। कोलकाता से आये एक पर्यटक ने कहा कि हम लेह रुकने के बजाय नुब्रा की ओर जा रहे हैं।

अधिकारियों और होटल मालिकों का मानना है कि प्रदर्शन और बंद की खबरें जब भी देश में फैलती है तो पर्यटक अपनी सुरक्षा के लिहाज से अपनी बुकिंग रद्द कर देते हैं।

 

Next Post

आरएसएस के स्वयंसेवकों ने समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में जीवन समर्पित किया: मोदी

Thu Oct 2 , 2025
नयी दिल्ली 02 अक्टूबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की स्थापना के 100 साल पूरे होने पर संघ की प्रशंसा की और कहा कि समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में असंख्य स्वयंसेवकों ने अपना जीवन समर्पित कर दिया। श्री मोदी ने आरएसएस की स्थापना […]

You May Like