इंदौर: एमजी रोड पर देर रात एक तेज रफ्तार कार ने टैक्सी को टक्कर मार दी. कार में सवार कुछ युवतियां मामूली रूप से घायल हुईं और बाद में दूसरी कार में बैठकर मौके से फरार हो गईं. पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है.तुकोगंज थाना प्रभारी जितेन्द्र यादव ने बताय कि वहां हादसा रात करीब डेढ़ बजे हुआ. टैक्सी चालक वसीम खान, निवासी खजराना, बाल-बाल बच गए. उन्होंने पुलिस को बताया कि वह अपनी टैक्सी एमएच 04 केएफ 0105 में सवारियों को रीगल चौराहे से पलासिया की ओर ले जा रहे थे. इंद्रप्रस्थ टॉवर चौराहे पर गीता भवन की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार एमपी 09 सीके 0072 ने उनकी टैक्सी को टक्कर मार दी थी.
कार में सवार युवतियों ने चालक को टोका और फिर अपने परिचितों को कॉल किया. कुछ ही देर बाद दूसरी कार आई और सभी युवतियां उसमें बैठकर मौके से भाग गईं. पुलिस ने तुरंत घटना स्थल पर पहुंचकर दोनों वाहनों को जब्त कर थाने ले जाया. प्रारंभिक जांच में टक्कर मारने वाली कार किसी अतुल गंजीवाल के नाम पर रजिस्टर्ड पाई गई है. पुलिस अब घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है
