
सीधी।चुरहट निवासी मो. मुस्तकीम पर उस समय जानलेवा हमला हुआ जब वे अपने रिश्तेदारी से लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि खैला सेमरा (खाम्ह घाटी) के जंगल में असामाजिक तत्वों ने उन्हें घेरकर बेरहमी से पीटा और मरणासन्न कर लूटपाट की कोशिश की। इसी दौरान स्थानीय भ्रमण से लौट रहे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह मौके पर पहुँच गए तो हमलावर फरार हो गए और युवक की जान बच गई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने गंभीर रूप से घायल मुस्तकीम को तुरंत लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचवाया और इलाज की व्यवस्था की साथ ही थाना प्रभारी से बात कर तत्काल कार्यवाही कर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने आरोप लगाया कि इस घटना ने एक बार फिर सीधी जिले की लचर कानून व्यवस्था और भाजपा सरकार की नाकामी को उजागर किया है। आए दिन बढ़ रहे अपराधों से आम जनता में भय का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। वहीं अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आगे कहा कि भाजपा सरकार अपराध पर अंकुश लगाने में नाकाम रही है और कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।उन्होंने कहा कि यह घटना न सिर्फ जिले की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है, बल्कि भाजपा सरकार की नाकामी को भी उजागर करती है।
