जबलपुर: कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने कठौंदा स्थित थोक पटाखा बाजार की सख्त जांच करने के साथ विस्फोटक अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाये जाने पर सख्त कार्यवाही करने की हिदायत अधिकारियों को दी है। उन्होंने कुंडम, पाटन एवं सिहोरा तहसील में भी पटाखा निर्माण इकाईयों की जांच करने और प्रावधानों का उल्लंघन पाये जाने पर बंद लाइसेंस निरस्त करने की कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने बारिश शुरू होते ही खाद की मांग और वितरण केंद्रों पर किसानों की संख्या बढऩे की संभावना को देखते हुए जिले में स्थित सभी उर्वरक वितरण केन्द्रों पर किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। सिंह सोमवार को समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। कलेक्टर सिंह ने बैठक में मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि जिस भी विभाग के अधिकारियों ने शत प्रतिशत कार्य कर लिए हैं वे इस पुरस्कार के लिए 15 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं।
कलेक्टर ने 1 जुलाई से शुरू हो रहे नशामुक्ति अभियान की तैयारियों की समीक्षा भी की। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से स्कूल-कॉलेज के 100 मीटर के दायरे में लगी पान, गुटखा की दुकानों की जानकारी लेते हुए संबंधित दुकानों की सूची एसडीएम को उपलब्ध कराकर नगर निगम की टीम के साथ दुकानों को हटाने एवं जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में संपन्न हुई इस बैठक में नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, अपर कलेक्टर नीता राठौर, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे। वहीं फील्ड में पदस्थ अधिकारी विडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े थे।
