जबलपुर : प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में हुए जिले में हुये कार्यों तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लेने संचालनालय किसान कल्याण तथा कृषि विकास, भोपाल से उप संचालक रश्मि वर्गिस के नेतृत्व में आई विशेषज्ञ टीम ने सोमवार को ग्रामीण क्षेत्र का जायजा लिया। इस दौरान डॉ वर्गिस और उनकी टीम ने ग्राम गोकलपुर में प्रगतिशील कृषक सपना काछी के खेतों और जैव इनपुट संसाधन केंद्र का अवलोकन कर जीवामृत, घन जीवामृत सहित अन्य प्राकृतिक तकनीकों के प्रयोग और उनके परिणामों का सूक्ष्म मूल्यांकन किया।
टीम ने कृषकों के साथ संवाद कर प्राकृतिक खेती से मृदा स्वास्थ्य में सुधार, उत्पादन लागत में कमी और गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पाद प्राप्त होने के लाभों पर विस्तार से चर्चा की तथा इसे पर्यावरण संरक्षण और आय वृद्धि का सर्वोत्तम माध्यम बताया।इस अवसर पर आत्मा परियोजना अंतर्गत धान की उन्नत किस्म पूसा बासमती के प्रक्षेत्र प्रदर्शन हेतु बीज और दलहन आत्मनिर्भरता योजना के तहत अरहर मिनीकिट का वितरण किया गया। साथ ही, टीम ने कृषकों को उनके उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग और मार्केटिंग हेतु तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया। विशेषज्ञ टीम ने ग्राम समनापुर स्थित कृषक पूरनलाल सैयाम की जैव संसाधन इकाई का भी निरीक्षण किया।
