इंदौर: दीपावली पर्व को लेकर शहर के बाजारों में रौनक लौट आई है. दो दिन के पुष्य नक्षत्र के बाद गुरुवार को भी दिनभर बाजारों में सराफा, रेडीमेड, इलेक्ट््रानिक्स, वाहन शोरूम और सजावटी सामान की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिली.
अच्छी ग्राहकी से व्यापारियों के चेहरे खिले हुए हैं. उनका कहना था कि इस बार दिवाली पर कारोबार पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर है. वहीं ग्राहकों के चेहरे पर भी खुशियों की चमक साफ झलक रही है. लोग जमकर खरीदी कर उत्सव की तैयारी में जुटे हैं. दूसरी ओर, पुलिस प्रशासन ने भी भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं.
