इंदौर:आज होलकर स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच विमेंस वर्ल्ड कप का पहला मैच खेला जाएगा. इस दौरान स्टेडियम और आसपास के मार्गों पर यातायात पूरी तरह परिवर्तित रहेगा. इसके लिए यातायात पुलिस ने प्लान तैयार किया है.स्टेडियम में प्रवेश हुकुमचंद घंटाघर और पंचम की फेल की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए जंजीरवाला चौराहा से होगा. लेंटर्न तरफ से आने वाले दर्शक पैदल स्टेडियम तक पहुँच सकते हैं.
केवल पासधारी वाहनों को ही स्टेडियम के अंदर प्रवेश की अनुमति होगी. इस दौरान पार्किंग व्यवस्था भी इस प्रकार रखी गई है. पासधारक वाहन यशवंत क्लब, अभय प्रशाल, आईटीसी पार्किंग, बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स, विवेकानंद स्कूल और आईडीए परिसर में. सामान्य वाहन- बाल विनय मंदिर स्कूल, जीएसआईटीएस कैम्पस और पंचम की फेल में पहले आओ-पहले पार्क करो के आधार पर पार्क किए जाएंगे.
विशेष रूप से स्टेडियम के आसपास पार्किंग लगभग नहीं है. सिटी बस या लोक परिवहन का उपयोग करना बेहतर रहेगा. लेटर्न चौराहा से जंजीरवाला चौराहा की ओर का मार्ग दोपहर एक बजे से मैच समाप्ति तक केवल पासधारी और इमरजेंसी वाहनों के लिए खुला रहेगा. एम.जी. रोड, रेसकोर्स रोड, भंडारी ब्रिज और राजकुमार ब्रिज के सर्किल में लोडिंग वाहनों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा. अन्य वाहनों को रीगल चौराहा, गीताभवन चौराहा, विजय नगर और मालवा मिल मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा. वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांगजन सिटी बस, मैजिक या ऑटो से ही स्टेडियम पहुंच सकते हैं.
इन मार्गों का करें इस्तेमाल
वहीं पुलिस ने आम जनता से अनुरोध किया है कि वह पलासिया, घंटाघर, हाईकोर्ट, रीगल चौराहा, मालवा मिल और गीताभवन मार्गों का इस्तेमाल कम ही करें. यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें. स्टेडियम के नजदीक घंटाघर और हाईकोर्ट चौराहा के आसपास यात्रियों को उतारकर पैदल स्टेडियम तक पहुँचाया जाएगा. ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि ये व्यवस्था दर्शकों की भीड़ और सड़क पर यातायात के दबाव को देखते हुए आवश्यकतानुसार बदली जा सकती है.
