
सीहोर. परमार क्षत्रिय समाज ट्रस्ट के तत्वावधान में भव्य रथ यात्रा निकाली गई. रथ में सवार भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और बड़े भाई बलदाऊ का भव्य स्वागत किया गया.महा आरती के पश्चात भजन मंडली के द्वारा ढोल-नगाड़े के साथ भगवान भ्रमण पर निकले अब रात्रि को शहर के मंडी स्थित श्रीराम मंदिर में विश्राम के बाद भगवान को पुन: शहर के छावनी स्थित जगदीश मंदिर में विराजमान किया जाएगा.
मंदिर में सुबह पूर्ण विधि-विधान से पूजा अर्चना की गई. इसके बाद महाआरती की गई. यहां भव्य पंडाल और मंच बनाकर संतों, जनप्रतिनिधियों का समाज के पदाधिकारियों ने सम्मान किया. शुक्रवार को सुबह जगदीश मंदिर से भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली गई. श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ जी का रथ खींचा. रथ को आकर्षक तरीके से सजाया गया था और प्रतीक के तौर पर रस्सी भी लगाई थी. रथ यात्रा का सामाजिक संगठनों द्वारा जगह-जगह स्वागत किया गया.अब पूरी रात्रि को शहर के छावनी में भजन मंडलों के द्वारा मंदिर में जागरण किया जाएगा और शनिवार को मंडी से समाज जन भगवान को वापस लेकर आएंगे और यहां पर पूजा अर्चना की जाएगी.
इसी तरह शाहगंज नगर के पुरानी बस्ती स्थित जगदीश मंदिर से भगवान जगदीश स्वामी की रथ यात्रा निकाली गई. शोभायात्रा में भगवान जगदीश स्वामी के साथ बहन सुभद्रा और बलदाऊ को आकर्षक रथ पर सवार कर नगर भ्रमण कराया गया. इस अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा भगवान जगदीश स्वामी की घर घर पूजा अर्चना की गई.रथयात्रा में नगर सहित आसपास के श्रद्धालुओं ने भी भाग लिया.
