एयरटेल के ग्राहकों को मिलेगा 100 गुना सटीक लोकेशन, क्लाउड आधारित सेवा शुरू करने की घोषणा

नयी दिल्ली, 30 सितंबर (वार्ता) एयरटेल बिजनेस ने देश की पहली एआई/एमएल (कृत्रिम बुद्धिमत्ता/मशीन लर्निंग) संचालित क्लाउड आधारित लोकेशन सेवा शुरू करने की घोषणा की है।

कंपनी ने मंगलवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि उसने एयरटेल-स्काईलार्क प्रिसाइज पोजिशनिंग सेवा शुरू करने के लिए अमेरिकी कंपनी स्विफ्ट नेविगेशन के साथ एक रणनीतिक साझेदारी की है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह सेवा मानक ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम (जीएनएसएस) की तुलना में सटीकता में 100 गुना तक सुधार करेगी। स्विफ्ट नेविगेशन के साथ एयरटेल बिजनेस की विशेष साझेदारी स्काईलार्क को एयरटेल के पूरे देश में फैले 4जी/5जी नेटवर्क के साथ जोड़ेगी। कई उद्योग इस उच्च-सटीकता वाली सेवा का उपयोग टोल, आपातकालीन प्रतिक्रिया, डिजिटल मैपिंग, निर्माण, यूटिलिटी सेवाओं और बेड़ा प्रबंधन जैसे एप्लिकेशन्स को सशक्त बनाने के लिए कर सकेंगे।

एयरटेल बिजनेस के निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी शरत सिन्हा ने कहा, “भारत जैसे देश में जहां संकरी और बेतरतीब गलियां और छोटी गलियां हैं, हर सेंटीमीटर एक सटीक स्थान या पते की पहचान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, खासकर आपात सेवाओं के लिए। स्विफ्ट नेविगेशन के साथ साझेदारी करके हमें देश की पहली क्लाउड-आधारित, एआई/एमएल-संचालित जीएनएसएस सुधार सेवा शुरू करने पर गर्व है, जो सेंटीमीटर-स्तर की सटीकता प्रदान करती है। यह अग्रणी तकनीक न केवल आपातकालीन प्रतिक्रियाओं में क्रांति लायेगी और औद्योगिक अनुप्रयोगों के लिए नये मानक स्थापित करेगी, बल्कि उपग्रह-आधारित टोल संग्रह जैसे उपयोग के मामलों में नवाचारों को भी गति देगी।”

स्विफ्ट नेविगेशन के उत्पाद एवं विपणन के कार्यकारी उपाध्यक्ष होल्गर इप्पाच ने कहा, “स्काईलार्क को भारत में लाने के लिए एयरटेल के साथ साझेदारी करके हमें बेहद खुशी हो रही है। आईओटी (इंटरनेट ऑफ थिंग्स) समाधानों और सेवाओं में एयरटेल की उपस्थिति का लाभ उठाकर, हम देश भर के व्यवसायों और डेवलपर्स को स्वचालन और स्वायत्तता के लिए सटीक पोजिशनिंग को सहजता से अपनाने में सक्षम बना रहे हैं।”

 

 

Next Post

महिला की शिकायत पर दो युवकों पर अपहरण और गर्भपात का केस दर्ज

Tue Sep 30 , 2025
इंदौर: कनाड़िया थाना क्षेत्र में एक शादीशुदा महिला की शिकायत पर उसके दो परिचित युवकों के खिलाफ अपहरण और जबरन गर्भपात कराने का मामला दर्ज किया है. आरोप है कि दोनों आरोपी महिला को बाइक से जबरन ले गए और दवा खिलाई, जिससे उसका गर्भपात हो गया.थाना प्रभारी सहर्ष यादव […]

You May Like