श्रद्धालुओं की बस गुजरात में खाई में गिरी, शिवपुरी के 4 लोगों की मौत, 17 गंभीर घायल

*त्र्यंबकेश्वर से द्वारका जा रहे थे शिवपुरी के 48 तीर्थयात्री*

 

*परिजनों को 4-4 लाख रुपए देने की घोषणा*

 

शिवपुरी। शिवपुरी, गुना व अशोकनगर के श्रद्धालुओं से भरी बस गुजरात के डांग जिले में खाई में गिर गई। हादसा रविवार सुबह करीब 4 बजे सापुतारा घाट इलाके में हुआ। इसमें विदिशा निवासी बस ड्राइवर और शिवपुरी के 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। ये इंदार थाना इलाके के रामगढ़ और बिजरौनी गांव के रहने वाले थे। 35 यात्री घायल हैं। इनमें से 16 की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें डांग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक यात्री को सूरत रेफर किया गया है।

बस महाराष्ट्र के त्र्यंबकेश्वर से 48 तीर्थयात्रियों को लेकर गुजरात के द्वारका जा रही थी। सापुतारा से करीब ढाई किलोमीटर दूर घाट पर यह अचानक अनियंत्रित हो गई। स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को बस से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

*सीएम यादव एवं सिंधिया ने जताया शोक*

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने हादसे पर गहन शोक व्यक्त करते हुए दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी है।

*हादसे में इनकी गई जान*

ड्राइवर रतन लाल जाटव, निवासी सिरोंज, विदिशा

भोलाराम कुशवाह, निवासी रामगढ़, शिवपुरी

गुड्डी राजेश यादव, निवासी रामगढ़, शिवपुरी

कमलेश वीरपाल यादव, निवासी रामगढ़, शिवपुरी

बृजेंद्र उर्फ पप्पू यादव, निवासी बिजरौनी, शिवपुरी

*दस दिन पहले निकले थे श्रद्धालु*

शिवपुरी, गुना और अशोकनगर जिलों से श्रद्धालुओं का दल 23 दिसंबर को धार्मिक यात्रा पर निकला था। ये लोग उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात के अलग-अलग तीर्थ स्थलों की यात्रा कर रहे थे। कुल चार बसों में से एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

*अधिकारी बोले- ब्रेक फेल होने से हादसा*

डांग कलेक्टर महेश पटेल ने कहा है कि यात्रियों ने बताया कि बस सापुतारा में रुकी थी, जहां चाय और नाश्ता किया गया। इसके बाद यात्रा दोबारा शुरू हुई। ऐसा लगता है कि ब्रेक फेल होने के कारण ड्राइवर ने कंट्रोल खो दिया।

Next Post

कांग्रेस और केजरीवाल के झांसे में नहीं आएंगी जनता: यादव

Sun Feb 2 , 2025
नई दिल्ली, 02 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज विपक्षी दल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) पर जमकर हमला करते हुए कहा कि चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल तरह-तरह का प्रपंच रचेंगे, लेकिन जनता उनके झांसे में नहीं आने […]

You May Like