इंदौर: कनाड़िया थाना क्षेत्र में एक शादीशुदा महिला की शिकायत पर उसके दो परिचित युवकों के खिलाफ अपहरण और जबरन गर्भपात कराने का मामला दर्ज किया है. आरोप है कि दोनों आरोपी महिला को बाइक से जबरन ले गए और दवा खिलाई, जिससे उसका गर्भपात हो गया.थाना प्रभारी सहर्ष यादव ने बताया कि महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट उसके पति ने 11 सितंबर को दर्ज कराई थी.
जांच के दौरान सामने आया कि वह अपने परिचित युवक विजेश पुत्र सरब सिंह निवासी डागराखेड़ा और उसके दोस्त लोकेश पुत्र किशोर के साथ थी. वहीं महिला द्वारा दिए गए अपने बयान में बताया कि 11 सितंबर की सुबह वह दूध लेने निकली थी तभी दोनों आरोपी उसे बाइक पर जबरन बैठाकर दूधिया गांव ले गए और एक कमरे में रखा. इसके बाद विजेश उसे अपने घर डागराखेड़ा ले गया, विजेश उससे शादी करना चाहता था, लेकिन उसने कहा कि वह तीन माह की गर्भवती है.
इस दौरान विजेश ने उसे दवा दी, जिसे खाने के बाद उसका गर्भपात हो गया. महिला का कहना है कि दोनों आरोपी उसके मायके के पास के ही रहने वाले हैं, इसलिए वह उन्हें पहचानती है. पीड़िता ने यह भी स्पष्ट किया कि अपहरण के दौरान उसके साथ दुष्कर्म नहीं किया. घटना की जानकारी महिला ने अपने भाई को फोन कर दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई की. कनाड़िया पुलिस ने विजेश और उसके साथी लोकेश के खिलाफ अपहरण और जबरन गर्भपात कराने की धाराओं में केस दर्ज किया है. पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है.
