महज आधे घंटे में हुई 25 मिमी बारिश 

सतना . पूर्व में बेरुखी बनाए रखने के बाद पिछले 5 दिनों से मानूसन शहर सहित जिले भर में मेहरबान बना हुआ है. पिछले 5 दिनों से हर रोज होने वाली बारिश के बीच रविवार को महज आधे घंटे में 25 मिमी पानी बरस गया. जिसके चलते शहर में जगह जगह जलभराव की स्थिति देखने को मिली.

मौसम कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को सुबह से लेकर दोपहर बाद तक जारी रहे छुटपुट बारिश देखने को मिली. जिसके चलते सुबह से लेकर दोपहर बाद तक तकरीबन 6 मिमी बारिश दर्ज हुई. वहीं शाम ढलते ही एकाएक काले घने बादलों का जमघट लगने लगा. देखते ही देखते तेज चमक और गरज के साथ झमाझम बारिश शुरु हो गई. शाम के समय बारिश का यह दौर लगभग आधे घंटे तक जारी रहा. लेकिन इस दौरान तकरीबन 25 मिमी बारिश दर्ज कर ली गई. यदि शहर में रविवार की सुबह से लेकर शाम तक हुई बारिश के कुल आंकड़ों पर गौर किया जाए तो यह 30.8 मिमी आंका गया. इस बारिश की वजह से पिछले 24 घंटे में दिन के अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री और रात के न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री की कमी भी देखने को मिली.
मौसम विभाग के अनुसार हलांकि हाल फिलहाल में जिले में भारी बारिश के आसार नजर नहीं आ रहे हैं. लेकिन अलग अलग स्थानों पर छुटपुट बारिश का दौर जारी रहने की संभावना बनी हुई है. वहीं रविवार की शाम हुई झमाझम बारिश की वजह से शहर के सर्किट हाउस चौक, अंडर ब्रिज, अस्पताल रोड, जगतदेव तालाब रोड, लालता चौक रोड सहित कुछ उन्य क्षेत्रों की सडक़ पानी से लबालब भरी नजर आईं. गनीमत यह रही कि कुछ समय बाद सडक़ पर बह रहा पानी उतरने लगा. 

Next Post

मातृशक्ति को दी ग्राहक अधिकारों की जानकारी

Mon Aug 10 , 2026
सीहोर। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत इकाई द्वारा मातृशक्ति की बैठक आयोजित की गई. जिसमें महिलाओं को खरीदारी के दौरान उपभोक्ता अधिकारों और बाजार में होने वाली ठगी से बचने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई. साथ ही मिलावटी सामान की पहचान, निर्धारित से अधिक कीमत वसूलने, नाप-तौल में होने […]

You May Like