
सीहोर।समीपस्थ ग्राम चांदबड़ निवासी महिला का शव विक्षत अवस्था में मिलने से आक्रोशित ग्रामीण गुरुवार को उस वक्त और भड़क उठे जब महिला के शव का दो दिन बाद भी पीएम नहीं हो सका. नाराज ग्रामीणों ने चांदबड़ चौराहे पर चक्काजाम कर दिया. लगभग डेढ़ घंटे तक जाम के हालात रहने से तीनों मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. काफी देर बाद मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाईश देकर चक्काजाम समाप्त कराया.
गौरतलब है कि गत रविवार को मंडी थाना अंतर्गत ग्राम चांदबड़ निवासी ईश्वरसिंह ठाकुर की पत्नी लक्ष्मीबाई लापता हो गई थी. मजदूरी करने वाली लक्ष्मीबाई जब शाम तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने आसपास तलाश किया. नहीं मिलने पर अगले दिन 21 अप्रैल को मंडी थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. बताया जाता है कि सोमवार की शाम को ही समीपस्थ थाना कालापीपल के ग्राम राम खजूरी व जंगीखेड़ा के समीप नाले में एक महिला की संदिग्ध अवस्था में लाश मिली. शरीर पर जले होने के निशान थे. थाना कालापीपल पुलिस ने जब शव की शिनाख्त कराई तो वह चांदबड़ निवासी लापता महिला लक्ष्मीबाई का निकला.
शव को पीएम के लिए कालापीपल के अस्पताल लाया गया, लेकिन शव क्षत- विक्षत अवस्था में होने के कारण बुधवार को शव पीएम के लिए भोपाल भेजा गया. महिला का संदिग्ध अवस्था में शव मिलने से पहले ही परिजन व ग्रामीण आक्रोशित थे, लेकिन जब गुरुवार को भी महिला का पोस्टमार्टम नहीं हो सका तो ग्रामीण भड़क उठे. उन्होंने दोपहर में चांदबड़ चौराहे पर चक्काजाम कर दिया. इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी प्रदर्शन में शामिल थीं. गुस्साए ग्रामीण पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे. जाम के चलते श्यामपुर, कालापीपल और सीहोर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.
इनका कहना है
थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की गई थी. उसी दिन कालापीपल थाना क्षेत्र में महिला का शव मिला. उसी थाने की पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा था. इस मामले की जांच वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में संयुूक्त रूप से की जाएगी.
माया सिंह,
थाना प्रभारी मंडी
