तालाब में बकरी बचाने कूदा किशोर, डूबने से हुई मौत, दो साथी बाल-बाल बचे

शाजापुर। जिले के ग्राम रामपुरा मेवासा में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। बकरी को बचाने के प्रयास में तीन युवक तालाब में कूद गए, जिनमें से 14 वर्षीय अजय नायक की डूबने से मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी आकाश और नितेश को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, तीनों युवक बकरियां चराने जंगल की ओर गए थे। इस दौरान एक बकरी तालाब में फिसलकर गहरे पानी में गिर गई। उसे बचाने के लिए तीनों ने तालाब में छलांग लगा दी। तालाब की गहराई अधिक होने के कारण तीनों डूबने लगे। पास में मौजूद मजदूरों ने तत्परता दिखाते हुए आकाश और नितेश को बचा लिया, साथ ही बकरी को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

अजय गहरे पानी में फंस गया, जिसे ग्रामीणों ने करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद बाहर निकाला और जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल पुलिस चौकी प्रभारी एसआई बाबूलाल डाबी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम रूम में रखवाया गया है। कानूनी प्रक्रिया के बाद डॉक्टरों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Next Post

डकैती की योजना बनाते चार बदमाश गिरफ्तार

Mon Oct 6 , 2025
इंदौर। परदेशीपुरा पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे चार शातिर बदमाशों को घटना से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से बिना नंबर प्लेट की मोटर साइकिल और दो धारदार चाकू जब्त किए गए हैं। पुलिस टीम के घेराबंदी करने पर आरोपी भागने की कोशिश में नाले में कूद […]

You May Like