
इंदौर। परदेशीपुरा पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे चार शातिर बदमाशों को घटना से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से बिना नंबर प्लेट की मोटर साइकिल और दो धारदार चाकू जब्त किए गए हैं। पुलिस टीम के घेराबंदी करने पर आरोपी भागने की कोशिश में नाले में कूद गए, लेकिन पुलिस ने पीछा कर सभी को पकड़ लिया।
थाना प्रभारी आरडी कानवा ने बताया कि सोमवार रात मुखबिर की सूचना पर एमआर-04 रोड स्थित साईं मंदिर के पास से आदर्श तिवारी, राज वर्मा, राकेश रायकवार और नागेश वाघ को पकड़ा गया। आरोपी सुनसान स्थान पर आने-जाने वालों से लूटपाट की योजना बना रहे थे। चारों आदतन अपराधी हैं, जिनके खिलाफ पहले से कई गंभीर अपराध दर्ज हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी पहचान छिपाने के लिए बिना नंबर प्लेट की बाइक का उपयोग कर रहे थे। उनके एक साथी के फरार होने की जानकारी मिली है। पूछताछ में और वारदातों के खुलासे की संभावना जताई गई है।
