भिंड:गोहद चौराहा थाना क्षेत्र में सुबह श्रद्धालुओं से भरा आयशर वाहन पलट गया। गाड़ी में 4 दर्जन से ज्यादा लोग सवार थे, जो नरवर में लोड़ी माता की पूजा के लिए जा रहे थे। इस हादसे में 45 से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिनमें से 27 की हालत गंभीर है। मामूली रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर घायलों को इलाज के लिए ग्वालियर के जेएएच अस्पताल रेफर किया गया है। कैंटर की रफ्तार काफी तेज थी।
छीमका गांव के पास जैसे ही गाड़ी एक मोड़ पर पहुंची, ड्राइवर ने संतुलन खो दिया और कैंटर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत पहुंचकर घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। हादसे के वक्त अस्पताल में कोई भी डॉक्टर मौजूद नहीं था। इस वजह से गंभीर रूप से घायल लोग करीब एक घंटे तक बिना इलाज के पड़े रहे। स्थिति बिगड़ते देख लोगों ने कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव को फोन पर सूचना दी तब कहीं इलाज शुरू हो सका।
