तिल्लौर में सड़क हादसा, उपचार में लापरवाही से गई व्यक्ति की जान, बेटा गंभीर घायल

इंदौर:तिल्लौर खुर्द में एक दर्दनाक सड़क हादसे में राकेश वर्मा (42) की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा यश (20) गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल यश को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. परिवार ने आरोप लगाया है कि एमवाय अस्पताल में समय पर उचित इलाज नहीं मिलने के कारण राकेश की जान गई.खुड़ैल पुलिस के अनुसार, हादसा मंगलवार रात को हुआ, जब राकेश और यश बाइक से घर लौट रहे थे. घर से महज एक किलोमीटर पहले उनकी बाइक को एक कार ने टक्कर मार दी. रात 11 बजे हुए इस हादसे के बाद दोनों को गंभीर हालत में एंबुलेंस से एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया. परिवार ने बताया कि एमवाय में राकेश को चार घंटे तक इमरजेंसी वार्ड में रखा गया, लेकिन इलाज में लापरवाही बरती गई. राकेश की हालत बिगड़ती गई और रात 3 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया. खुड़ैल पुलिस ने इस हादसे को लेकर मर्ग कायम कर लिया है और जांच शुरू कर दी है. परिजनों ने एमवाय अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं और इस मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है.
परिवार का दर्द: समय पर इलाज मिलता तो बच सकती थी जान
परिजनों ने बताया कि हादसे के बाद राकेश परिवार से बातचीत कर रहे थे. उन्हें विश्वास था कि उनका इलाज हो जाएगा, लेकिन अस्पताल में इलाज न मिलने से उनकी हालत बिगड़ती चली गई. बाद में परिजनों ने यश को बेहतर उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया.
दोपहर में बेटे के लिए लड़की देखकर लौटे थे पिता
परिवार के मुताबिक, राकेश अपने बेटे यश और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मंगलवार को उज्जैन में लड़की देखने गए थे. शाम को लौटने के बाद यश ने दुकान के लिए सामान लाने की बात कही. दोनों बाइक से पालदा इलाके में गए, लेकिन वापस लौटते समय यह हादसा हो गया.
परिवार का सहारा छिना
राकेश तिल्लौर में एक सैलून चलाते थे और परिवार का खर्चा इसी पर निर्भर था. यश पढ़ाई के साथ पिता के सैलून में हाथ बंटाता था. परिवार में राकेश के अलावा उनकी पत्नी, बेटी, बड़े भाई और माता-पिता हैं। हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है

Next Post

कैलारस शक्कर कारखाने की जमीन नीलामी का विरोध, किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता 800 ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर पहुंचे

Wed Jan 22 , 2025
मुरैना: मुरैना में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता 800 ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर सड़क पर उतरे। इनके द्वारा कैलारस शक्कर कारखाने की जमीन नीलामी का विरोध किया जा रहा है। कांग्रेस ने यहां जेल भरो आंदोलन की घोषणा की है। पुलिस ने विधायक पंकज उपाध्याय समेत 20 से 25 लोगों को हिरासत […]

You May Like