नयी दिल्ली, 30 अक्टूबर (वार्ता) राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (एनएमडीसी) का शुद्ध मुनाफा चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर 35 प्रतिशत बढ़कर 2,271 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
कंपनी ने गुरुवार को बताया कि उसका उत्पादन भी 23 प्रतिशत बढ़कर 1.02 करोड़ टन रहा जो किसी भी वित्त वर्ष में दूसरी तिमाही का रिकॉर्ड है। बिक्री 1.07 करोड़ टन रही जो पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही की तुलना में 10 फीसदी अधिक है।
कंपनी का टर्नओवर 30 प्रतिशत बढ़कर 6,261 करोड़ रुपये हो गया।
एनएमडीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अमिताभ मुखर्जी ने परिणामों पर टिप्पणी करते हुए कहा, “इस तिमाही में रिकॉर्ड उत्पादन और रिकॉर्ड बिक्री हमारी ऐतिहासिक विश्वसनीयता के सूचक हैं। उच्च गुणवत्ता वाले अयस्क की आपूर्ति, महत्वाकांक्षी विस्तार योजनाएं और राष्ट्रीय नीतिगत लक्ष्यों के प्रति जागरूकता, एनएमडीसी को देश की औद्योगिक आकांक्षाओं को पूरा करने में एक महत्वपूर्ण कारक बनाती है। हमारे भविष्य के रणनीतिक प्रयास इस्पात निर्माण के कच्चे माल में आत्मनिर्भरता प्राप्त करने और साथ ही नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन प्राप्त करने की जिम्मेदारी से प्रेरित हैं।”

