
रतलाम। अर्जुन नगर में गरबा पंडाल के प्रवेश द्वार के लोहे के पाइप में करंट फैल गया। इसी बीच खेलते-खेलते पास में रहने वाला पांच वर्षीय बालक गेट के पास पहुंचा, तो उसे करंट लग गया। इससे वह गिरकर अचेत हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार 5 वर्षीय हसन पिता अजहर खान निवासी अर्जुन नगर को शनिवार शाम करीब 7 बजे करंट लग गया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने परीक्षण कर उसे मृत घोषित किया। परिजन और अन्य लोग अस्पताल परिसर स्थित पुलिस चौकी पर पहुंचे तथा गरबा आयोजकों पर कार्रवाई की मांग करने लगे। इससे वहां हंगामें की स्थिति बनने लगी। सूचना मिलने पर स्टेशन रोड थाना प्रभारी स्वराज डाबी, माणकचौक थाना प्रभारी अनुराग यादव, औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी व अन्य अधिकारी बल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे।
पुलिस चौकी पर हुआ हंगामा
पुलिस बालक का शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज भिजवाने लगी तो परिजन व साथ आये लोगों ने शव मेडिकल कॉलेज भेजने से रुकवा दिया तथा आयोजकों पर कार्रवाई की मांग करने लगे। उनका कहना था कि कुछ लोग मेडिकल कॉलेज चले जाएंगे,जबकि अर्जुननगर के लोग अपने घर जाएंगे और वहां कुछ हो गया तो क्या करेंगे। पहले आयोजकों पर कार्रवाई करो, उसके बाद शव मेडीकल कॉलेज भिजवाया जाए। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया , इसके बाद शव मेडिकल कालेज भिजवाया गया।
