भाजपा नेताओं के राहुल को धमकी देने पर कांग्रेस ने लिखा अमित शाह को पत्र

नयी दिल्ली, 28 सितंबर (वार्ता) कांग्रेस ने पार्टी नेता राहुल गांधी को विभिन्न सोशल मीडिया पर भाजपा नेताओं की तरफ से मिल रही धमकियां को गंभीरता से लेते हुए गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर श्री गांधी की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया एक्स पर पार्टी महासचिव के सी वेणुगोपाल का पत्र पोस्ट किया है जिसमें श्री गांधी की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का अनुरोध गृहमंत्री से किया गया है।

श्री वेणुगोपाल ने लिखा “यह धमकी किसी छोटे-मोटे कार्यकर्ता का लापरवाही से दिया गया बयान नहीं है बल्कि यह एक सुनियोजित धमकी है जो श्री गांधी की सुरक्षा के लिए खतरा है। इस धमकी पर शीघ्र, सटीक और स्पष्ट कार्रवाई ज़रूरी है और अगर ऐसा नहीं होता है तो इसे मिलीभगत ही माना जाएगा।”

पत्र में सख्त करवाई की मांग करते हुए श्री वेणुगोपाल ने कहा ” श्री गांधी को पहले कई बार हत्या की धमकी मिली है और उनके खिलाफ सोशियल मीडिया पर हिंसा का आह्वान किया गया है। इस तरह के जितने आव्हान हुए हैं बताया जाता है कि भाजपा उनका समर्थन करती रही है। अब आपकी ज़िम्मेदारी है कि आप स्पष्ट करें कि आपकी पार्टी और आपकी सरकार किसके पक्ष में है। क्या आप खुले तौर पर आपराधिक डराने-धमकाने की राजनीति, हत्या की धमकियों और हिंसा का समर्थन करते हैं जो समाज में विषाक्त घोलती है।”

उन्होंने कहा कि श्री गांधी सेवा और भारत की बहुलतावादी भावना के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता के प्रतीक हैं। वे उस परिवार की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं जिसने इस राष्ट्र के लिए बलिदान दिया है – 1984 में राष्ट्रीय एकता की रक्षा करते हुए इंदिरा गांधी की हत्या से लेकर 1991 में शांति और आधुनिकीकरण के प्रयासों के दौरान शहीद हुए राजीव गांधी तक। श्री राहुल गांधी को दी गई हत्या की धमकी केवल किसी व्यक्ति पर नहीं है उस लोकतांत्रिक भावना पर हमला है जिसका वे प्रतिनिधित्व करते हैं।

श्री वेणुगोपाल ने कहा कि राजनीति में मतभेद होते हैं लेकिन संवैधानिक ढाँचे के भीतर उनका समाधान भी होना चाहिए। हालाँकि, भाजपा नेता राजनीतिक विरोधियों को लाइव टीवी शो पर जान से मारने की धमकियाँ दे रहे हैं।”

श्री खेड़ा ने कहा कि धमकी भाजपा के बड़े प्रवक्ता ने दी है इसलिए भाजपा प्रवक्ता के विरुद्ध श्री शाह को तत्काल कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने सीआरपीएफ की तरफ से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को लिखे पत्र का भी हवाला दिया और कहा कि श्री गांधी की आलोचनाओं से भाजपा आरएसएस की विचारधारा पर गहरा आघात हुआ है इसलिए झुंझलाकर भाजपा नेता श्री गांधी के विरुद्ध तीखे तेवर अपना कर आक्रामक हो गई है। उनका कहना था कि जिस परिवार के दो सदस्य शहीद हो गए हों, उसके विरुद्ध ऐसी निर्मम धमकियाँ बर्दाश्त नहीं की जा सकतीं इसलिए धमकी देने वालों के खिलाफ तत्काल कार्यवाही आवश्यक है।

 

 

Next Post

43 वर्ष के हुये रणबीर कपूर

Sun Sep 28 , 2025
मुंबई, 28 सितंबर (वार्ता) बॉलीवुड के रॉकस्टार रणबीर कपूर आज 43 वर्ष के हो गये। मुंबई में 28 सितंबर, 1982 को जन्में रणबीर को अभिनय की कला विरासत में मिली। रणबीर के पिता ऋषि कपूर और मां नीतु सिंह बॉलीवुड के मशहूर कलाकार रहे हैं। रणबीर कपूर ने अपने सिने […]

You May Like

मनोरंजन