
शिवपुरी/नरवर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित महिला सम्मेलन में नवरात्रि के पावन पर्व पर जगत जननी जगदंबा भवानी और सभी माताओं-बहनों को प्रणाम किया। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति आज भी अक्षुण्ण है और यह मातृशक्ति के सम्मान और आशीर्वाद का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया के 200 से अधिक देशों में भारत ही एकमात्र ऐसा देश है, जिसका बच्चा-बच्चा ‘भारत माता की जय’ कहता है। उन्होंने नारी शक्ति की महत्ता बताते हुए कहा कि राम नवमी और कृष्ण जन्माष्टमी साल में एक बार मनाई जाती हैं, लेकिन मां दुर्गा के नौ दिन साल में दो बार मनाए जाते हैं।
डॉ. यादव ने शिवपुरी की महादेव शक्ति और संस्कृति पर भी जोर देते हुए कहा कि महादेव और उनका परिवार हमारे जीवन और ऊर्जा का स्रोत हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 185 करोड़ की लागत से 65 से अधिक विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। उन्होंने लाडली बहनों के लिए दिवाली के बाद 1500 प्रतिमाह राशि देने की घोषणा की, जिसे धीरे-धीरे ₹3000 तक बढ़ाया जाएगा। किसानों के लिए भावांतर योजना से उनकी उपज का पूरा लाभ सुनिश्चित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने नरवर किले पर रोप-वे निर्माण, जनपद पंचायत में आईटीआई की स्थापना, 50 ग्रामों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का उन्नयन, नगर परिषद द्वारा गौशाला निर्माण, मगरनी-नरवर सिंध नदी पर पुल निर्माण और थाना करैरा क्षेत्र में पुलिस सहायता केंद्र को चौकी में उन्नत करने की घोषणाएं कीं।
उन्होंने नवरात्रि, दशहरा और दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार कदम से कदम मिलाकर विकास के हर कार्य को पूरा करेगी।
