मप्र में पैसे की कमी नहीं, विकास के कामों में नहीं आएगी रुकावट

कुरवाई/विदिशा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार विकास कार्यों में किसी भी तरह की रुकावट नहीं आने देगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पैसे की कमी नहीं है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास के हर क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

कुरवाई में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कुल 258 करोड़ रुपये की विकास सौगात दी। इसमें 46 कार्यों का भूमि पूजन (92.70 करोड़), 34 कार्यों का लोकार्पण (165 करोड़) और हिनौता बांध सिंचाई परियोजना (7.36 करोड़) शामिल हैं। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री लखन सिंह पटेल, सांसद डॉ. लता वानखेड़े, विधायक हरि सिंह सप्रे और अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कुरवाई क्षेत्र के लिए कई घोषणाएँ कीं। नगर परिषद कुरवाई के लिए 2 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज, वार्ड 10 के बेतवा घाट का निर्माण, पठारी में शासकीय महाविद्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का 50 बिस्तरों तक उन्नयन, बीना रिफाइनरी के लिए औद्योगिक क्षेत्र का विकास, कुरवाई, लटेरी और नटेरन में नए छात्रावास, जनपद पंचायत भवन, हाई स्कूल भवन और सांदीपनि स्कूल एवं क्रिटिकल केयर अस्पताल सहित सड़क और कॉरिडोर विकास शामिल हैं।

किसानों के लिए भावांतर योजना लागू की जाएगी। सोयाबीन पर 5328 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान होगा, और अंतर राशि 15 दिन में बैंक खातों में जमा कर दी जाएगी। खराब फसलों का सर्वे कर राहत और बीमा राशि भी दिलाई जाएगी। केन-बेतवा लिंक परियोजना से सिंचाई और उद्योगों को पानी मिलेगा। लाडली बहना योजना के तहत दीपावली के बाद भाई दूज पर 1500 रुपये की राशि दी जाएगी।

इसके अलावा बच्चों के लिए स्कूटी, छात्रावास, सीएम राइज स्कूल जैसी सुविधाएँ, सांदीपनि विद्यालय निर्माण, तीर्थस्थलों का विकास और स्वदेशी वस्तुओं को प्रोत्साहन देने की घोषणाएँ की गईं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, कृषक कल्याण योजना और आंगनवाड़ी के हितग्राहियों को लाभ वितरित किया। दीप प्रज्ज्वलित और कन्या पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ और विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया गया।

Next Post

कृषक आधुनिक तकनीकी विधियों एवं नवाचारों से होंगे अवगत

Sat Sep 27 , 2025
झाबुआ। कलेक्टर नेहा मीना के निर्देशानुसार उद्यानिकी विभाग द्वारा झाबुआ जिले के कृषकों का तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण दल इंदौर भेजा गया। इस भ्रमण का उद्देश्य कृषकों को आधुनिक तकनीकी विधियों एवं नवाचारों से अवगत कराना तथा उन्हें उद्यानिकी क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रोत्साहित करना है। भ्रमण […]

You May Like