नयी दिल्ली 01 मई (वार्ता) एयर मार्शल एस पी धारकर वायु सेना में 40 वर्षों की शानदार सेवा के बाद बुधवार को वायु सेना उप-प्रमुख के पद से सेवानिवृत्त हो गए।
एयर मार्शल धारकर को 14 जून 1985 को भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग पायलट के रूप में नियुक्त किया गया था और उन्होंने भारतीय वायुसेना के विभिन्न विमानों में 3600 घंटे से अधिक उड़ान भरी है। वह एक योग्य उड़ान प्रशिक्षक, फाइटर स्ट्राइक लीडर , उपकरण रेटिंग प्रशिक्षक और परीक्षक हैं। वह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज, और अमेरिका के आर्मी वॉर कॉलेज के पूर्व छात्र रहे हैं।
उन्होंने अपने करियर में कई महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाली। उनकी असाधारण और उच्चस्तर की सराहनीय सेवाओं के सम्मान में, एयर मार्शल को 2014 में अति विशिष्ट सेवा पदक, 2023 में परम विशिष्ट सेवा पदक और 2025 में उत्तम युद्ध सेवा पदक से सम्मानित किया गया।
